#बालाघाट जिला अस्पताल के SNCU में चिकित्सकों की मेहनत लाई रंग, गंभीर अवस्था में भर्ती तीन नवजात स्वस्थ होकर घर लौटे
35, 42 और 51 दिनों तक चला उपचार, एक नवजात को जन्मजात हृदय रोग के उपचार के लिए जबलपुर तथा आंखों के उपचार के लिए नागपुर भेजा गया
जन्म के समय सांस लेने में गंभीर परेशानी, बेहद कम वजन और जन्मजात बीमारियों से जूझ रहे तीन नवजात शिशुओं को बालाघाट जिला चिकित्सालय की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) में बेहतर उपचार और चिकित्सकीय देखरेख से नया जीवन मिला है। वेंटिलेटर, सी-पैप मशीन, सर्फेक्टेंट दवा और निरंतर चिकित्सकीय निगरानी के माध्यम से इन तीनों नवजातों की जान बचाने में सफलता मिली। तीनों शिशु पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद 17 नवंबर को अपने परिवार के साथ घर लौट गए।
तीनों मामलों में जिला अस्पताल के SNCU की उपचार व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तत्परता और गंभीर नवजातों की निरंतर निगरानी महत्वपूर्ण साबित हुई।
35 दिनों तक चला उपचार, 1.560 किलोग्राम वजन के साथ मिली छुट्टी
पहला मामला खैरलांजी तहसील के ग्राम टेमनी निवासी पूजा पति सुजेन्द्र का है। पूजा ने 12 अक्टूबर 2026 को एक निजी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन से बालक को जन्म दिया। जन्म के बाद नवजात को सांस लेने में परेशानी होने पर तत्काल जिला अस्पताल के SNCU में भर्ती कराया गया। शुरुआत में शिशु को सी-पैप मशीन पर रखा गया, लेकिन एक दिन बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया और सर्फेक्टेंट दवा दी गई।
लगातार 10 दिनों तक वेंटिलेटर पर उपचार के बाद शिशु की स्थिति में सुधार हुआ, जिसके बाद उसे छह दिनों तक सी-पैप मशीन पर रखा गया। धीरे-धीरे शिशु की सांस लेने की क्षमता में सुधार हुआ और उसने मां का दूध पीना शुरू कर दिया। कुल 35 दिनों तक उपचार एवं निगरानी के बाद 17 नवंबर को 1.560 किलोग्राम वजन के साथ शिशु को अस्पताल से छुट्टी दी गई।
900 ग्राम वजन के शिशु ने 51 दिनों में हासिल की स्वस्थ स्थिति
दूसरा मामला वारासिवनी तहसील के ग्राम लालपुर निवासी दिव्या पति अंकित का है। दिव्या ने 27 सितंबर 2026 को सिजेरियन ऑपरेशन से एक बालिका को जन्म दिया। जन्म के बाद सांस लेने में परेशानी के कारण उसे SNCU में भर्ती कराया गया। प्रारंभ में सी-पैप मशीन पर रखने के बाद सर्फेक्टेंट दिया गया और वेंटिलेटर पर उपचार किया गया। छह दिनों तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद शिशु को आठ दिनों तक सी-पैप मशीन पर रखा गया।
इसके बाद उल्टी की शिकायत के चलते परिजन उसे गोंदिया के निजी अस्पताल ले गए। वहां 15 दिनों तक भर्ती रहने के बावजूद शिशु का वजन नहीं बढ़ा। इसके बाद परिजन उसे वापस बालाघाट SNCU लेकर आए। दोबारा भर्ती के समय शिशु का वजन मात्र 900 ग्राम था।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने विशेष देखभाल के साथ फीडिंग एवं कंगारू मदर केयर (KMC) पर विशेष ध्यान दिया। इससे शिशु का वजन धीरे-धीरे बढ़ने लगा। जांच के दौरान आंखों में रेटिनोपैथी ऑफ प्रीमैच्योरिटी (ROP) की समस्या सामने आने पर 108 एंबुलेंस की सहायता से नागपुर भेजकर निःशुल्क उपचार कराया गया।
लगातार उपचार, पोषण एवं देखभाल के बाद बालिका की स्थिति में सुधार हुआ और वह मां का दूध पीने लगी। कुल 51 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 17 नवंबर को 1.760 किलोग्राम वजन के साथ उसे छुट्टी दी गई।
जन्मजात हृदय रोग से जूझ रहे नवजात का जबलपुर में कराया उपचार
तीसरा मामला लांजी तहसील के ग्राम कलपाथरी निवासी प्रीति पति शिवकुमार का है। प्रीति ने 5 अक्टूबर 2026 को एक निजी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन से बालक को जन्म दिया। जन्म के बाद सांस लेने में परेशानी होने पर नवजात को जिला अस्पताल के SNCU में भर्ती कराया गया। उसे पहले सी-पैप और बाद में वेंटिलेटर पर रखा गया। पांच दिनों तक वेंटिलेटर पर उपचार के बाद स्थिति में सुधार होने पर तीन दिनों तक सी-पैप मशीन से सहायता दी गई।
इस दौरान शिशु मां का दूध पीने लगा, लेकिन जांच में जन्मजात हृदय रोग (CHD) की जानकारी सामने आई। बेहतर उपचार के लिए उसे 108 एंबुलेंस से जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां उपचार के बाद शिशु को वापस बालाघाट रेफर किया गया, जहां SNCU में दोबारा भर्ती कर उसकी देखभाल की गई।
लगातार उपचार और चिकित्सकीय निगरानी के बाद शिशु की स्थिति में सुधार हुआ। कुल 42 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 17 नवंबर को 1.700 किलोग्राम वजन के साथ उसे स्वस्थ अवस्था में छुट्टी दी गई।
SNCU में गंभीर नवजातों को मिल रही विशेष उपचार सुविधा
इन तीनों मामलों से स्पष्ट है कि समय पर उपचार, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख और नवजातों के पोषण पर विशेष ध्यान देने से गंभीर अवस्था में जन्मे शिशुओं को भी बेहतर जीवन दिया जा सकता है। जिला अस्पताल के SNCU में वेंटिलेटर, सी-पैप, सर्फेक्टेंट, फीडिंग एवं कंगारू मदर केयर जैसी सुविधाओं के माध्यम से नवजातों का उपचार किया जा रहा है।
अस्पताल से छुट्टी के समय तीनों शिशुओं की आंखों एवं कानों की जांच कराने तथा नियमित फॉलोअप के लिए परिजनों को आवश्यक सलाह भी दी गई।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 26, 2026