#बालाघाट
महाविद्यालय में उत्साहपूर्वक मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का वाचन सहित पोस्टर एवं प्रश्नमंच प्रतियोगिता आयोजित
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बालाघाट में संविधान दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने की। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों तथा संवैधानिक मूल्यों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) एवं विधि संकाय के विद्यार्थियों की सहभागिता से प्रश्नमंच एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका से संबंधित अपनी जानकारी और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी डॉ. कंचन मसराम, संयोजक डॉ. रचना कोरी, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सीमा श्रीवास्तव, प्रोफेसर सुखचंद एडे, डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे, डॉ. ताराचंद बढ़घैया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करना था। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।
#JansamparkMP #ConstitutionDay #HigherEducation