# बलरामपुर: दुर्गा पंडाल में घुसी बेकाबू कार, तीन की मौत, चार घायल
**बलरामपुर।** जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार कार दुर्गा पंडाल में घुस गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, दुर्गा मंदिर के पास टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित कार टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों को रौंद गई। हादसे में मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) की इलाज के दौरान मौत हो गई। घायल छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि फोन आने पर वह पंडाल से मंदिर चले गए थे। कुछ ही देर बाद हादसा हो गया। उन्होंने चालक के नशे में होने का आरोप लगाया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के अनुसार, पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है।