लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, जिले के सभी छठ घाटों पर व्यापक तैयारियां जारी।
छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता।
लोक आस्था के महापर्व छठ को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पश्चिम चम्पारण पूरी तत्परता के साथ तैयारियों में जुटा है। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में अवस्थित सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यापक स्तर पर कार्य कराया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। घाटों के आसपास जलजमाव, गंदगी एवं फिसलन की समस्या नहीं रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त रोशनी, विद्युत व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षित पहुंच पथ एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि छठ घाटों पर आने वाले व्रतियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी घाट पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने एवं पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इसके साथ ही छठ पूजा आयोजन समितियों के सदस्यों के साथ निरंतर समन्वय एवं संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि स्थानीय आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जा सके। प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों द्वारा तैयारियों का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा छठ महापर्व के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
#samratchoudhary
#cmsamrat
#JaiChhathiMaiya
#ChhathPujaMeinAaiyeBihar
#BiharKaGarvChhathMahaparv
Information & Public Relations Department, Government of Bihar