शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में नशामुक्त भारत अभियान पर सेमिनार आयोजित
===========================================================
प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी, है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत गत दिवस इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में “नशामुक्त भारत अभियान - विकसित भारत की ओर सशक्त कदम” विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया।
आयुक्त तकनीकी शिक्षा श्री अवधेश शर्मा के निर्देश तथा संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार यादव के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुश्री गणेशी एवं ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से सुश्री शक्ति प्रजापति ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सीएसई विभागाध्यक्ष श्री राकेश कुमार कावरे, एमओएम विभागाध्यक्ष श्रीमती नीलम खासकमल, संस्था के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
सुश्री गणेशी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए प्राचार्य डॉ. आलोक कुमार यादव ने कहा कि, “यदि आपका कोई साथी नशे का आदी है, तो उससे दूरी बनाने के बजाय उसे नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करें।” उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाएं।
“नशे को ना, सपनों को हां - युवाओं के हाथों में विकसित भारत की कमान।”
“नशे से दूरी, सफलता से नजदीकी - यही युवा शक्ति की सही पहचान।”
“एक युवा नशे से बचेगा, एक परिवार बचेगा; युवा जागेगा तो भारत आगे बढ़ेगा।”