आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज में सोहम को भावभीनी श्रद्धांजलि, हर साल टॉपर को मिलेगी छात्रवृत्ति
एमबीबीएस बैच 2025 के छात्र सोहम सुनील ठाकरे की सड़क दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु के बाद शुक्रवार को आरडीजेएम मेडिकल कॉलेज में शोकसभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रबंधन, चिकित्सक, छात्र-छात्राएं, चिकित्साकर्मी एवं कर्मचारियों ने दिवंगत छात्र को याद कर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोहम के नाम पर छात्रवृत्ति शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सोहम का निधन महाविद्यालय के लिए अपूरणीय क्षति है। हमने अपना एक अंग खो दिया है। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए अब प्रतिवर्ष प्रत्येक बैच के विश्वविद्यालय परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र को सोहम सुनील ठाकरे के नाम पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
प्राचार्य डॉ. प्रो. आभा रानी सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना में हमने अपना एक बच्चा खो दिया है। इस घटना से पूरा महाविद्यालय परिवार मर्माहत है। दुख की इस घड़ी में महाविद्यालय परिवार सभी छात्रों और सोहम के परिजनों के साथ खड़ा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रोहित कुमार सिंह ने कहा कि सोहम एक होनहार एमबीबीएस छात्र थे। उनके निधन से महाविद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। वहीं, प्रशासनिक पदाधिकारी मनीष कुमार ने इसे महाविद्यालय के लिए सबसे काला दिन बताते हुए कहा कि अपने एक छोटे भाई को श्रद्धांजलि देना बेहद दुखद है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों सहित सभी को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में डॉ. विकास कुमार, डॉ. नंद किशोर, डॉ. रमाकांत प्रसाद, डॉ. रामाशंकर प्रसाद, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. अभिषेक प्रसाद, डॉ. आलोक प्रीतम, डॉ. प्रांति प्रिया, डॉ. खुशबू रानी, डॉ. मृणाल शेखर, डॉ. राजवर्द्धन, डॉ. राशीद, प्रो. अनामिका, डॉ. अन्नु कुमारी, डॉ. प्रियांका, डॉ. कमलाकांत मिश्रा, डॉ. मणिभूषण शर्मा, डॉ. नेहा, डॉ. रुचि प्रसाद, डॉ. प्रीति सोनी, डॉ. राहुल, डॉ. पियुष भारद्वाज, डॉ. आशुतोष, डॉ. ऋतऋषि, डॉ. अभिषेक किसलय, डॉ. गौतम, डॉ. प्रज्ञा सिन्हा और डॉ. प्रभात कुमार सहित सैकड़ों चिकित्सक एवं सभी बैच के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए मौन धारण किया।
श्रद्धांजलि सभा के बाद महाविद्यालय प्रबंधन ने ओपीडी, कॉलेज और सभी कार्यालयों में छुट्टी की घोषणा कर दी। हालांकि, मरीजों की सुविधा के लिए आकस्मिक चिकित्सा सेवा चालू रखने का निर्णय लिया गया।