टिकारी (गया): गया जिले के टिकारी अनुमंडल अंतर्गत सिमुआरा गांव स्थित मिडिल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर टिकारी अनुमंडल कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने अनुमंडल कार्यालय के समक्ष जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि विद्यालय में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील (दोपहर का भोजन) नहीं दिया जाता है। इसके अलावा विद्यालय में पीने के साफ पानी और शौचालय की भी उचित व्यवस्था नहीं है। छात्रों ने विद्यालय में पठन-पाठन का स्तर भी ठीक न होने की शिकायत की।
इन्हीं समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राएं अनुमंडल कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद टिकारी एसडीएम परवीन कुंदन मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। एसडीएम परवीन कुंदन ने विद्यार्थियों का आवेदन ध्यानपूर्वक पढ़ा और उनकी समस्याओं को सुना।
एसडीएम ने बच्चों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कल ही स्कूल की जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए 5 दिनों का समय दिया गया है। यदि 5 दिनों के भीतर व्यवस्था सुचारू ढंग से चालू नहीं होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#bdbiharjharkhand
Gaya Town CD Block, Gaya | Jul 28, 2026