कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश, किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाना सरकार की प्राथमिकता मंत्री विजय कुमार सिन्हा
गया: प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आज गया में कृषि टास्क फोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता सहित सभी संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुँचे। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा विभागीय लक्ष्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।
विजय कुमार सिन्हा ने किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने, खाद की उपलब्धता एवं निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित करने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण बीज एवं कृषि इनपुट की उपलब्धता तथा कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन एवं बाजार से जुड़ाव पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि बिहार सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। कृषि क्षेत्र को आधुनिक, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान जिले में कृषि योजनाओं की प्रगति, खरीफ फसल की स्थिति, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएँ, सिंचाई व्यवस्था तथा अन्य कृषि कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गई। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट समय पर उपलब्ध कराने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुँचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र भ्रमण बढ़ाएं और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझें तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल कागजी उपलब्धियों से नहीं, बल्कि खेत और किसान तक उसके वास्तविक लाभ पहुँचने से सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि कृषि को केवल उत्पादन तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि किसानों को आधुनिक तकनीक, प्रसंस्करण, मूल्यवर्धन और बेहतर बाजार से जोड़कर कृषि को लाभकारी एवं उद्यमिता का माध्यम बनाना है। इसके लिए विभागीय स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आपसी समन्वय को और मजबूत किया जाए।
बैठक में विधायक अतरी रोमित कुमार, कृषि विभाग के विशेष सचिव, कृषि निदेशक, निदेशक कृषि उद्यान, गयाजी के जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।