शहीद सम्मान समारोह में याद किए जाएंगे मसूरी गोलीकांड के शहीद
मसूरी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए मसूरी गोलीकांड के शहीदों की स्मृति में दो सितंबर को शहीद स्थल पर भव्य श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। लोकगीत, नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राज्य आंदोलन के संघर्ष और बलिदान की गाथा भी नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एसडीएम कार्यालय में एसडीएम राहुल आनंद और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, आंदोलनकारियों और विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सितंबर में बारिश की संभावना को देखते हुए शहीद स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट, बैठने समेत अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। स्थल को आकर्षक ढंग से सजाने की भी तैयारी है। एसडीएम राहुल आनंद ने कहा कि दो सितंबर का आयोजन राजनीति का मंच नहीं, बल्कि शहीदों और आंदोलनकारियों को समर्पित रहेगा। उन्होंने सभी राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठनों से कार्यक्रम को गरिमापूर्ण बनाने में सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि मोहन पेटवाल, मसूरी होटल एसोसिएशन, ट्रेडर्स एसोसिएशन, होमस्टे संगठन सहित विभिन्न संस्थाओं से सहयोग लिया जाएगा। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री भी हर वर्ष कार्यक्रम में शामिल होकर शहीद परिवारों से मुलाकात और उन्हें सम्मानित करते हैं। इस बार भी आयोजन को व्यापक रूप देने की तैयारी है।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh #uttarakhand
Mussoorie, Dehradun | Aug 22, 2026