आदर्श ग्राम पलकटोरी में सेक्टर स्तरीय ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान’ का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मढखेड़ा सेक्टर-01 के प्रस्फुटन ग्रामों के पदाधिकारियों एवं नवांकुर सखियों ने लिया प्रशिक्षण
--
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड अशोकनगर की नवांकुर संस्था उन्नति जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में मढखेड़ा सेक्टर-01 के आदर्श ग्राम पलकटोरी में सेक्टर स्तरीय ‘प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान’ के अंतर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री मनोज यादव, श्री अरुण रघुवंशी (प्राचार्य), श्री बलवीर सिंह यादव (बाल संस्कार केंद्र मास्टर ट्रेनर), नवांकुर संस्था अध्यक्ष श्री सुनील कुमार सेन एवं परामर्शदाता श्रीमती मंजू बापट विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रथम सत्र में विकासखंड समन्वयक श्री मनोज यादव ने प्रस्फुटन समितियों द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों की समीक्षा की तथा आगामी कार्ययोजना तैयार की। उन्होंने उपस्थित समिति सदस्यों से नशामुक्त भारत अभियान, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही समितियों को तकनीकी एवं वित्तीय प्रबंधन की जानकारी भी प्रदान की।
द्वितीय सत्र में श्री बलवीर सिंह यादव ने बाल संस्कार केंद्र एवं नवांकुर नर्सरी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रस्फुटन ग्रामों को नशामुक्त बनाने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी।
तृतीय सत्र में नवांकुर संस्था के अध्यक्ष श्री सुनील कुमार सेन ने समितियों के सुचारू संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने MIS (मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम) पोर्टल पर गतिविधियों को अपलोड करने की प्रक्रिया, बैठक रजिस्टर का संधारण तथा वित्तीय लेन-देन का रिकॉर्ड पूरी पारदर्शिता के साथ रखने के तौर-तरीकों को समझाया।
चतुर्थ सत्र में परामर्शदाता श्रीमती मंजू बापट ने मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) सहित पाठ्यक्रम से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान कीं तथा विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के महत्व एवं उद्देश्यों से अवगत कराया।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्रीमती मंजू बापट ने किया। प्रशिक्षण के अंत में सभी समितियों के पदाधिकारियों एवं नवांकुर सखियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति पलकटोरी के अध्यक्ष श्री प्रहलाद सिंह कुशवाह ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों पलकटोरी, रॉवसर, पिनावदा, खिरिया गुहास एवं लखेरी बरसाती के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य तथा नवांकुर सखियों की सक्रिय सहभागिता रही।
#ashoknagar