राजगढ़ के नागरिक चिकित्सालय में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की पार्किंग, क्षतिग्रस्त रास्तों और मरीजों की सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं, अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पद भरने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
एसडीएम एवं रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष राज कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई।
बरसात के कारण अस्पताल परिसर में पानी जमा होने और क्षतिग्रस्त रास्तों की समस्या को देखते हुए आवश्यक मरम्मत कार्य करवाने का निर्णय लिया गया। वहीं, अस्पताल भवन के रंग-रोगन के लिए लोक निर्माण विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मनोनीत सदस्य शकुंतला प्रकाश ने अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग उठाई, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण भी प्रस्तुत किया गया। समिति के पास वर्ष के अंत में 12 लाख 14 हजार 258 रुपये की राशि शेष रही, जबकि आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 42 लाख 60 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।