राजगढ़ में वॉलीबाल का महासंग्राम शुरू, देश की दिग्गज टीमें भिड़ीं; पहले दिन रोमांचक मुकाबलों ने बढ़ाया उत्साह।
राजगढ़ में वॉलीबाल के रोमांच का महासंग्राम शुरू हो गया है। पीचवैली वॉलीबाल क्लब की ओर से आयोजित दूसरी ठाकुर सुरत सिंह मैमोरियल ऑल इंडिया वॉलीबाल प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में देश की नामी टीमें और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अर्जुन पुरस्कार विजेता एवं अंतरराष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी सुमन रावत ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
राजगढ़ के वॉलीबाल मैदान में खिलाड़ियों के दमदार स्मैश, शानदार ब्लॉक और जबरदस्त डिफेंस ने खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ा दिया। प्रतियोगिता में इंडियन नेवी कोच्चि, ओएनजीसी देहरादून, सीआईएसएफ रांची, हरियाणा राज्य, इनकम टैक्स दिल्ली और उत्तर रेलवे की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला इनकम टैक्स दिल्ली और ओएनजीसी देहरादून के बीच हुआ। ओएनजीसी ने पहला सेट 27-25 से जीता, लेकिन इसके बाद इनकम टैक्स दिल्ली ने लगातार तीन सेट जीतकर मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया।
वहीं दूसरे मुकाबले में हरियाणा राज्य ने उत्तर रेलवे को 3-1 से हराया। लीग आधार पर खेली जा रही प्रतियोगिता में हर मुकाबला टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
आयोजकों का कहना है कि प्रतियोगिता का उद्देश्य राजगढ़ में वॉलीबाल को बढ़ावा देने के साथ युवा खिलाड़ियों को देश के बेहतरीन खिलाड़ियों से सीखने का अवसर देना है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिताब के लिए टीमें जोरदार संघर्ष करेंगी।
फिलहाल राजगढ़ में शुरू हुई इस ऑल इंडिया वॉलीबाल प्रतियोगिता ने खेल प्रेमियों में खासा उत्साह भर दिया है। आने वाले दिनों में भी मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।