कुपवी जोन की अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आगाज, 15 स्कूलों के 235 खिलाड़ी दिखा रहे दमखम।
धार चांदना दना, चौपाल। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धार चांदना में शुक्रवार को कुपवी जोन के अंडर-19 छात्रों की तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ। प्रतियोगिता में कुपवी जोन के 15 स्कूलों के करीब 235 छात्र खिलाड़ी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में कांग्रेस नेता चंद्रमोहन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं समाजसेवी रणवीर चौहान, धार चांदना, बावत तथा डाक शराड़ पंचायत के प्रधान तुसीराम जमालटा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमेश राणा ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान कुपवी जोन के जोन प्रभारी जगत छींटा ने प्रतियोगिता के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेल गतिविधियों और प्रतियोगिता की रूपरेखा से सभी को अवगत करवाया।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद कुपवी जोन के सभी 15 स्कूलों के खिलाड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट कर अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। मार्चपास्ट में उत्कृष्ट विद्यालय कुपवी ने प्रथम स्थान, जबकि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धार चांदना ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अगले चरण में 11 सितंबर से कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले शुरू होंगे। तीन दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन रविवार को होगा। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि चंद्रमोहन ठाकुर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल को खेल भावना के साथ खेलने और पूरी मेहनत एवं अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए ऐसे मंच बेहद जरूरी हैं।
इस अवसर पर चंद्रमोहन ठाकुर ने अपनी ऐच्छिक निधि से विद्यालय प्रबंधन को 25 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान एवं स्टेज निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करवाने का आश्वासन भी दिया।
तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए मैदान में पूरी ताकत झोंकेंगे।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए चौपाल से गिरीश ठाकुर की रिपोर्ट।