मेजा के चोरबना में तालाब में डूबा युवक, एनडीआरएफ ने शुरू की तलाश
प्रयागराज/मेजा। मेजा थाना क्षेत्र के चोरबना गांव में बुधवार को मछली मारने गए एक युवक के गहरे तालाब में डूबने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने रामनगर चौकी प्रभारी अभिनव उपाध्याय को फोन पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाकर तालाब में युवक की तलाश शुरू कराई गई।
जानकारी के अनुसार सोनाई गांव निवासी विकास भारतीय पुत्र फूलचंद भारतीय चोरबना स्थित एक तालाब में मछली मारने गया था। इसी दौरान उसके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार काफी तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने के बाद रामनगर चौकी प्रभारी अभिनव उपाध्याय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम ने गहरे तालाब में खोजबीन शुरू कर दी। टीम द्वारा पानी के भीतर युवक की तलाश की जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक युवक बरामद नहीं हो सका था। पुलिस और एनडीआरएफ टीम की तलाश जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही युवक के परिजनों में भी चिंता और अफरा-तफरी का माहौल है।