दशहरा मेले को लेकर पीस कमेटी की बैठक
मनोज कुमार बिन्द
बारा, यूनाइटेड भारत
प्रयागराज। नैनी कोतवाली क्षेत्र के बालाजी गेस्ट हाउस में आगामी दशहरा मेला, रामलीला और झांकियों को लेकर एसीपी करछना कुंज लता के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में पुलिस, ट्रैफिक, फायर विभाग, नगर निगम, विद्युत विभाग, सिविल डिफेंस, व्यापारी, पार्षद एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
एसीपी ने मेले के दौरान सुरक्षा, प्रकाश, सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को पांच दिनों में प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया। वहीं इंस्पेक्टर नैनी अविनाश कुमार सिंह ने हुड़दंग, नशे में उत्पात, चोरी-छिनैती और जुआ खेलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
भीड़ नियंत्रण के लिए विभिन्न मार्गों पर बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। एसीपी ने नागरिकों, व्यापारियों और मीडिया कर्मियों से मेले को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।