कौशांबी में SIR के विरोध में सपा का प्रदर्शन, महिला कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक
मंझनपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में जुटे सपा कार्यकर्ता, पुलिस के साथ हुआ तीखा विवाद
मंझनपुर, कौशांबी। SIR के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के जुटने से मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया के विरोध में नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जताया।
प्रदर्शन के दौरान महिला सपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो भी सामने आया है।
सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि SIR प्रक्रिया को लेकर लोगों में कई तरह की आशंकाएं हैं और सरकार को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
मंझनपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण नजर आया। पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी गई।