वार्ड-27 में 1.55 करोड़ के विकास कार्य शुरू...
वार्ड नंबर-27 में रविवार को करीब 1.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 27 फुटा आरसीसी सड़क और नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने स्थानीय बुजुर्गों के हाथों नारियल तुड़वाकर निर्माण कार्य शुरू कराया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्य शुरू होने पर प्रदेश सरकार और मंत्री का आभार जताया।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाला, सीवर और जल निकासी सहित बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। वार्ड-27 में आरसीसी सड़क और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल घोषणाएं करना नहीं, बल्कि स्वीकृत विकास परियोजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचाना है। जिन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया जा रहा है।
बुजुर्गों ने विकास कार्यों पर जताई खुशी
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय बुजुर्गों और निवासियों ने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों से जनता खुश है। लंबे समय से क्षेत्र में बेहतर सड़क और जल निकासी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री नागर ने विकास परियोजनाओं को स्वीकृति और गति देने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से फरीदाबाद में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है।
पार्षद सरोज शीशराम अवाना ने कहा कि 27 फुटा आरसीसी सड़क और नाले का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों की आवागमन एवं जल निकासी से जुड़ी परेशानी दूर होगी।
इस अवसर पर बलेश्वर जैलदार, डॉ. राजेंद्र नागर, एसपी चौधरी, भूपेंद्र चौधरी, बलदेव, कर्मवीर खारी, महावीर रावत, जनार्दन शर्मा, राम प्रसाद, सरदार प्रीतम सिंह, सरदार मलकीत सिंह, कुलदीप गुप्ता, रणधीर, मुलेंद्र अवाना, अजय अवाना, अन्नी भड़ाना, साहू प्रधान सहित आरडब्ल्यूए के अनेक सदस्य और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।