बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर GRP का बड़ा एक्शन, 50 किलो गांजा बरामद...
राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) फरीदाबाद ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन से करीब आधा क्विंटल यानी 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित तीन आरोपितों को काबू किया है।
रेलवे पुलिस अधीक्षक नीतिका गहलोत के निर्देशन में GRP चौकी बल्लभगढ़ में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक ललिता कुमारी ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने दो प्लास्टिक के कट्टों की तलाशी ली, जिनमें कथित रूप से 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, काबू किए गए आरोपितों की पहचान फतेहाबाद निवासी जोबनप्रीत, उसकी पत्नी अनीता तथा महम निवासी नितिन के रूप में हुई है। बरामद गांजा व्यावसायिक मात्रा में बताया गया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजे की यह खेप आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से लाई गई थी और इसे हरियाणा के महम में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खेप किससे ली गई थी और इसे महम में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।
महिला आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, शेष दोनों आरोपितों को पुलिस रिमांड पूरा होने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। GRP का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की अन्य परतें खुलने की संभावना है।