• इछावर विधानसभा क्षेत्र में 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का भूमि पूजन, 41 बसाहटों की 19 हजार से अधिक आबादी को मिलेगा लाभ
• गांवों में सड़कों का जाल बिछाकर विकास को दी जा रही गति : केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान
• बेहतर सड़क संपर्क से बढ़ेंगी ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियां : राजस्व मंत्री
• सड़के ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है- मंत्री श्री पटेल
• भाऊखेड़ी में बनेगी कृषि विज्ञान प्रयोगशाला, फसलों के उन्नयन में मिलेगी वैज्ञानिक मदद
• केन्द्रीय कृषि मंत्री ने इछावर एवं भैरूंदा में विकास कार्यो का भूमिपूजन /लोकार्पण किया
इछावर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का भूमि पूजन किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी तथा व्यापार-व्यवसाय एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इछावर और भैरूंदा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इछावर विकासखंड के ग्राम बोरदी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 36 सड़कों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इन सड़कों से क्षेत्र के 36 गांवों की 41 बसाहटें मुख्य मार्गों से जुड़ेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सभी सड़कों का निर्माण एक वर्ष में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय सीमा से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर सड़क कनेक्टिविटी आवश्यक है। शेष पात्र सड़कों को भी योजना में शामिल कराने के प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी गांव बेहतर आवागमन की सुविधा से वंचित न रहे।
इछावर में खुलेगा कृषि विज्ञान केंद्र
केंद्रीय कृषि मंत्री ने इछावर क्षेत्र के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके लिए भाऊखेड़ी के पास 50 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है। कृषि विज्ञान केंद्र में फल, फूल, सब्जी और अनाज सहित विभिन्न फसलों पर वैज्ञानिक प्रयोग एवं अनुसंधान किया जाएगा तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि के प्रयास किए जाएंगे।
जनता की सेवा ही मेरी जिम्मेदारी
भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में श्री चौहान ने कहा कि वे स्वयं को मंत्री नहीं, बल्कि जनता का सेवक मानते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने भैरूंदा स्थित मामा कोचिंग पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई तथा भविष्य की तैयारियों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने भैरूंदा में सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण भी किया।
नशामुक्ति और महिला सम्मान का दिया संदेश
केंद्रीय मंत्री ने ग्रामीणों से गांवों को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे से परिवार और समाज दोनों प्रभावित होते हैं। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों से यह काम छोड़कर वैकल्पिक रोजगार अपनाने की अपील की और ऐसे लोगों को अन्य रोजगार से जोड़ने के प्रयास की बात कही। महिला सम्मान पर उन्होंने कहा कि बहन-बेटियों के साथ अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए और समाज को भी ऐसे अपराधों के खिलाफ संवेदनशील एवं सजग रहना होगा।
इस वर्ष प्रदेश में बनेंगे 8 लाख पक्के मकान
श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इस वर्ष गरीब परिवारों के लिए 8 लाख पक्के मकान बनाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवास योजना के लाभ से वंचित न रहे। यदि किसी पात्र हितग्राही का नाम सूची में छूट गया है तो उसे नियमानुसार शामिल कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
आवागमन सुगम होगी तथा स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा- मंत्री श्री वर्मा
राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि इछावर विधानसभा क्षेत्र में 36 प्रधानमंत्री ग्राम सड़कों का आज भूमि पूजन हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के 41 गांवों की 19 हजार से अधिक आबादी को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। सड़क संपर्क मजबूत होने से ग्रामीणों की आवाजाही सुगम होगी तथा स्थानीय व्यापार-व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा।
राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ सीहोर जिले में भी तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, अधोसंरचना और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार से विकास की गति को और मजबूती मिल रही है।
उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। आज बड़ी संख्या में पात्र हितग्राही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन को सुगम बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
सड़के आर्थिक विकास की रीड है- मंत्री श्री पटेल
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसी भी व्यक्ति को कहीं जाना हो तो उसे सड़क के माध्यम से ही आवागमन करना पड़ता है। प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में गांव-गांव तक सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क से अछूता न रहे और सभी गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा से जोड़ा जाए।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गांवों में स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समुदाय और प्रत्येक ग्रामवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ गांव के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा गांव को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि सड़कें अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसी भी व्यक्ति को कहीं जाना हो तो उसे सड़क के माध्यम से ही आवागमन करना पड़ता है। प्रदेश में बीते कुछ वर्षों में गांव-गांव तक सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी गांव सड़क से अछूता न रहे और सभी गांवों को बेहतर आवागमन की सुविधा से जोड़ा जाए।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि गांवों में स्वच्छता बनाए रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समुदाय और प्रत्येक ग्रामवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ गांव के लिए जन भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा गांव को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
यह गांव जुड़ेंगे सड़कों से
जामली नांदियाबाली, कोकरूपुरा और कालीधार, शिवपुरी मोहल्ला, मोगरीवाली बीड़, चिकलपानी, मगरा आदिवासी, पटेल मुहल्ला और धाटी मुहल्ला, वीरपूरा, कोठाकुर्सी, बावड़ियाखाल, पानीगांव, सुवाखेड़ा, टंटिया पठार, महुबल्ला, तालिडूब, इमली पठार कालीसिंहा, लसूड़िया गोंदी एफ.6 नयाखेड़ा, सपेरा मोहल्ला, टोपीवाला टप्पर, एससी मोहल्ला, खजुरिया गैंगी, दातारनगर, आर्या कालोनी, सेमरिया पठार, जूनापानी, सेवनिया पठार, खेरी बन्ना सुन्ना, खेड़ा कॉलोनी, राजपुरा, रत्नाखेड़ी, बाबूजी बस्ती, डाक पुलिया, महुआबालापुरा, नई बस्ती, भरतपुर कॉलोनी सहित 41 गांव सड़कों से जुड़ेंगे।
यह थे उपस्थित
कार्यक्रम में विधायक श्री सुदेश राय, विधायक श्री गोपाल सिंह इंजीनियर, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नरेश मेवाडा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, इछावर जनपद अध्यक्ष श्रीमती रेखा जगदीश पटेल, सीहोर जनपद अध्यक्ष श्रीमती नावड़ीबाई सूरसिंह बारेला, इछावर नगर पालिका अध्यक्ष श्री देवेंद्र वर्मा, सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, इछावर जनपद उपाध्यक्ष नीलू शंकर जयसवाल, श्री पंकज गुप्ता, श्री विष्णु वर्मा, एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव, एसडीएम श्रीमती स्वाति मिश्रा, जनपद सीईओ श्रीमती रूशाली पोरस उपस्थित थे।