लैब टेक्नीशियन रक्षा और सिंचाई विभाग में कार्यरत ऋषभ की सड़क हादसे में मौत, श्रीनगर में मातम!!
भक्तियाना निवासी सेमवाल परिवार के भाई-बहन की एक साथ मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़!!
कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत रक्षा सेमवाल और सिंचाई विभाग में अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर कार्य करने वाले उनके भाई ऋषभ सेमवाल की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों भाई-बहन ऋषिकेश के निकट मालाकुंठी क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे का शिकार हुए। दोनों की मौत की खबर मिलते ही श्रीनगर के भक्तियाना क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप कार और डंपर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
मृतकों के पिता राकेश सेमवाल सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के दो बच्चों की सड़क हादसे में असमय मौत से परिजन सदमे में हैं। भक्तियाना और श्रीनगर में शोक का माहौल है तथा परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने भाई-बहन की असमय मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।