पहाड़ों में मौसम भले ही लगातार करवट बदल रहा हो, लेकिन बाबा केदार के भक्तों की आस्था पर बारिश भी भारी नहीं पड़ रही है। मानसून की बारिश, धुंध और पहाड़ी रास्तों की चुनौतियों के बीच भी केदारनाथ धाम की यात्रा निरंतर जारी है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु तमाम दुश्वारियों को पीछे छोड़कर बाबा केदार के दरबार में पहुंच रहे हैं। धाम में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और मंदिर परिसर में गूंज रहे बाबा के जयकारे यात्रा के प्रति भक्तों की अटूट आस्था को बयां कर रहे हैं।
यात्रा सीजन में अब तक 14 लाख 73 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। बारिश के बावजूद केदारनाथ यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। मंदिर परिसर में सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लग रही हैं। मौसम की चुनौती भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर पा रही है।