सिरदला में आहर में डूबने से नाबालिग की मौत:ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका, सिंचाई को लेकर दो गांवों के बीच हुआ था विवाद
नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र के बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच शुक्रवार को आहर में डूबने से करीब 16 वर्षीय प्रिंस कुमार की मौत हो गई। प्रिंस बढ़ी बीघा गांव निवासी रामविलास यादव का पुत्र था। तीन भाइयों में सबसे छोटा प्रिंस परिवार की आंखों का तारा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
प्रिंस के आहर में डूबने की घटना को लेकर ग्रामीणों ने हत्या की आशंका भी जताई है। ग्रामीणों का आरोप है कि खेत पटवन के पानी को लेकर हुए विवाद के दौरान प्रिंस को जान से मारकर आहर में फेंक दिया गया। हालांकि, अभी यह आरोप साबित नहीं हुआ है। प्रिंस की मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
बताया जाता है कि प्रिंस शौच के लिए आहर की ओर गया था। इसी दौरान आहर के पास दोनों गांवों के लोगों के बीच पटवन के पानी को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों के अनुसार, बढ़ी बीघा गांव के दलजीत सिंह आहर से खेतों में पानी दिया जा रहा था और पानी वितरण का समय पहले से निर्धारित था। इसी बीच नाद गांव से बड़ी संख्या में लोग आहर के पास पहुंचे और पुल की ईंटें हटाने लगे। मना करने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
इस मारपीट में बढ़ी बीघा गांव निवासी शिवकुमार यादव, संजय यादव समेत चार लोग घायल हो गए। इसी दौरान प्रिंस के आहर में लापता होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने काफी देर तक आहर में उसकी तलाश की, लेकिन गहरे पानी के कारण उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद सिरदला पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम कराया गया था। पानी घटने के बाद दोबारा तलाश शुरू की गई, तो प्रिंस को आहर से बाहर निकाला गया। परिजन उसे लेकर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन और ग्रामीण शव के पास मौजूद रहे और बड़े भाई के आने का इंतजार करते रहे।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चलंत फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर ने भी पीएचसी पहुंचकर घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि नाद गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
इधर, समाजसेवी बिनोद कुमार, राजदेव यादव, साधु यादव और संजय यादव ने प्रिंस की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से विवाद ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। उन्होंने घटना को बेहद दुखद बताते हुए गांव में शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की जरूरत बताई।
प्रिंस की मौत के बाद बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि प्रिंस की मौत केवल डूबने से हुई या मामले में हत्या का कोई पहलू भी है।
Nawada, Nawada | Aug 21, 2026