#बालाघाट
प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों को घर-घर पौष्टिक खिचड़ी एवं भोजन का वितरण
प्रभावित ग्रामों की स्थिति में तेजी से हो रहा है सुधार
बैहर एवं बिरसा विकासखंड के बीमारी से प्रभावित एवं चिन्हित ग्रामों में बच्चों के स्वास्थ्य सुधार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार 25 अगस्त को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा कोंगेवानी, घुम्मर, सुंदरवाही, अडोरी, सोनगुड्डा, मुरूम सहित अन्य प्रभावित ग्रामों में घर-घर पहुंचकर बच्चों को पौष्टिक खिचड़ी, लेपसी एवं अन्य भोजन का वितरण किया गया।
प्रभावित एवं चिन्हित ग्रामों में आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जो बच्चे किसी कारणवश आंगनवाड़ी केंद्र नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके घर जाकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा नाश्ता एवं भोजन प्रदान किया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को नियमित रूप से पौषण आहार उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना है।
बच्चों को नियमित रूप से मिल रहे पौष्टिक आहार के साथ स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही सतत निगरानी से प्रभावित ग्रामों में स्वास्थ्य संबंधी स्थिति में तेजी से सुधार देखने को मिल रहा है। विभागीय अमला बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रभावित ग्रामों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा भी लगातार कार्य किया जा रहा है। विभाग की टीमों द्वारा हैंडपंपों की सफाई, आवश्यक सुधार एवं क्लोरीनेशन का कार्य किया जा रहा है। पेयजल स्रोतों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए ग्रामीणों को सुरक्षित पानी के उपयोग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
इसी तरह ग्राम पंचायतों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों एवं नालियों की साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए पंचायत स्तर पर लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा स्वास्थ्य, पोषण, पेयजल एवं स्वच्छता से जुड़े विभागों के समन्वय से प्रभावित ग्रामों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे बच्चों सहित ग्रामीणों के स्वास्थ्य की स्थिति में लगातार सुधार हो सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp
#WelfareTribal
7 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026