#बालाघाट
मॉडल स्कूल बिरसा में संस्कृत सप्ताह का हुआ शुभारंभ
शासकीय मॉडल स्कूल बिरसा में मंगलवार को संस्कृत सप्ताह 2026-27 का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान, भोपाल के निर्देशानुसार 25 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवं विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन संस्कृत शिक्षक श्री राजेश कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रथम दिवस विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा संस्कृत सुभाषित एवं श्लोकों का सामूहिक पाठ कराया गया। विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व और भारतीय संस्कृति में उसके योगदान की जानकारी दी गई।
संस्कृत सप्ताह के दौरान विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्राचार्य श्री सौरभ कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा को भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान-विज्ञान की समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अतिथि शिक्षकों सहित विद्यालय परिवार की सहभागिता रही।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump
19 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026