#बालाघाट
27 अगस्त को आयोजित होगा विकसित भारत युवा कनेक्ट - स्पोर्ट्स एडिशन
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में 27 अगस्त 2026 को देशभर में “विकसित भारत युवा कनेक्ट - स्पोर्ट्स एडिशन” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों एवं जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर जोड़ते हुए खेल विकास और राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
प्रधानमंत्री एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मरठे ने बताया कि 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारत के गौरव मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के अंतर्गत देश के प्रत्येक जिले के चयनित महाविद्यालयों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान खेलों के क्षेत्र में हुए विकास, खेल अवसंरचना के विस्तार तथा देश के उभरते खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी भी युवाओं तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम की विशेषता यह रहेगी कि 27 अगस्त को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के विभिन्न स्थानों पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा, जिसमें माय भारत वॉलंटियर्स, खिलाड़ी एवं युवा प्रतिभागी खेल, नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम के अंत में युवाओं को अपने सुझाव, विचार एवं आकांक्षाएं व्यक्त करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, ताकि विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #NationalSportsDay
#JansamparkMP
25 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026