#बालाघाट
आध्यात्मिकता और राष्ट्रवाद के प्रतीक थे महर्षि अरविंद : सांसद भारती पारधी
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला बालाघाट के तत्वावधान में महर्षि अरविंद घोष की 154वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्थानीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बालाघाट-सिवनी सांसद श्रीमती भारती पारधी रहीं। कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण विभाग की उपायुक्त श्रीमती शकुंतला डामोर एवं मुख्य वक्ता वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री नरेंद्र भैरम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं महर्षि अरविंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री महेश पटले ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए महर्षि अरविंद के जीवन एवं व्यक्तित्व पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
महर्षि अरविंद ने युवाओं में जगाया राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान
मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि महर्षि अरविंद घोष महान आध्यात्मिक विभूति, राष्ट्रवादी, दार्शनिक, योगी एवं चिंतक थे। उनकी जयंती केवल उनके व्यक्तित्व को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद भारत को केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीवंत राष्ट्रशक्ति और मातृभूमि मानते थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाते हुए युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं स्वाभिमान की भावना जागृत की। उनका जीवन यह संदेश देता है कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि जब देश का युवा अपने भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन, चरित्र और राष्ट्रप्रेम विकसित करता है, तभी सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। उन्होंने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद अपने नेटवर्क के माध्यम से देश के अनेक भूले-बिसरे महापुरुषों के जीवन और विचारों को ग्राम स्तर तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से अपील की कि वे अपने घरों में बच्चों को देश के महापुरुषों की जीवनी पढ़ने के लिए प्रेरित करें और उन्हें उनके योगदान से परिचित कराएं, ताकि नई पीढ़ी अपने महान नायकों के विचारों एवं आदर्शों को समझ सके।
सर्वांग योग की अवधारणा से कराया अवगत
मुख्य वक्ता वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता श्री नरेंद्र भैरम ने महर्षि अरविंद के संपूर्ण व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए कहा कि महर्षि अरविंद की महत्वपूर्ण देन उनकी ‘सर्वांग योग’ की अवधारणा है। उन्होंने बताया कि महर्षि अरविंद का मानना था कि मनुष्य का विकास केवल भौतिक स्तर पर नहीं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक, नैतिक एवं आध्यात्मिक स्तर पर भी होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम संभावनाएं होती हैं और निरंतर साधना के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को उच्च उद्देश्य से जोड़ सकता है।
प्रतिभागियों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान सांसद श्रीमती भारती पारधी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया। अंत में जिला समन्वयक मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद श्री महेश पटले ने अतिथियों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकासखंडों से विकासखंड समन्वयक, परिषद के नेटवर्क से जुड़ी नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, स्वैच्छिक संस्थाओं के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समितियों के प्रतिभागी, सीएमसीएलडीपी परामर्शदाता, विद्यार्थी एवं सीएम इंटर्न सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #bhartipardhimp
8 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 25, 2026