साइबर ठगी से बचने अनजान लोगों से ओटीपी साझा न करें – टीआई सुश्री कंचन राजपूत
यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचें – श्री अर्जुन सिंह बघेल
एमएलबी स्कूल में साइबर सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
===============================
साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए आमजन में जागरूकता लाना आवश्यक है। थोड़ी सी सतर्कता और सावधानी बरतकर ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से शासकीय एमएलबी स्कूल, छिंदवाड़ा में सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, नवांकुर संस्था मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देने के साथ ही यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ समाजसेवी श्री विनोद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजक श्री संदीप अग्निहोत्री, सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका श्रीवास्तव, साइबर सेल प्रभारी टीआई सुश्री कंचन राजपूत, साइबर एक्सपर्ट श्री चंद्रवंशी, यातायात विभाग से श्री अर्जुन सिंह बघेल एवं श्री आनंद रघुवंशी सहित अन्य अतिथिगण उपस्थित थे।
अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ओटीपी साझा करने से बचें - साइबर सेल प्रभारी टीआई सुश्री कंचन राजपूत एवं साइबर एक्सपर्ट श्री चंद्रवंशी ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, फर्जी लोन ऐप, रोमांस फ्रॉड, कार्ड क्लोनिंग, फर्जी कस्टमर केयर, केवाईसी फ्रॉड और ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर होने वाली ठगी सहित साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनजान व्यक्तियों के फोन कॉल पर भरोसा न करें तथा किसी के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत विवरण साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी की आशंका होने पर सतर्कता बरतें।
यातायात विभाग से श्री अर्जुन सिंह बघेल एवं श्री आनंद रघुवंशी ने सड़क सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा यातायात नियमों के पालन की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। सभी को वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
समाज में जागरूकता लाने में संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका - मुख्य अतिथि श्री विनोद तिवारी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव और यातायात जागरूकता बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी द्वारा समाजसेवा एवं जनजागरूकता के विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि समाज के प्रति समर्पित होकर कार्य करने वाली संस्थाएं जागरूक एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष सुश्री आराधना शुक्ला, प्रवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे, विधि सलाहकार श्री मुकेश दीक्षित, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अलका श्रीवास्तव, एनएसएस प्रभारी श्रीमती निहारिका शिवकर, श्री विजय बहादुर वर्मा, डॉ. पवन नेमा, सुश्री आयशा लोधी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने मुख्य अतिथि, पुलिस विभाग के अधिकारियों, साइबर एक्सपर्ट, यातायात विभाग के प्रतिनिधियों, विद्यालय की प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh