गांगीवाड़ा स्कूल में करियर गाइडेंस व्याख्यान माला आयोजित, विद्यार्थियों को सैन्य सेवा में करियर बनाने का मार्गदर्शन
विंग कमांडर श्री तोमर ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, लक्ष्य निर्धारण और देश सेवा के लिए किया प्रेरित
==============================
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गांगीवाड़ा में करियर गाइडेंस प्रकोष्ठ द्वारा आज आयोजित व्याख्यान माला विद्यार्थियों के जीवन के सपनों को पूरा करने का माध्यम बनी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक रहने, करियर के विकल्प चुनने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। अधिकांश विद्यार्थियों ने सैन्य सेवा के क्षेत्र में करियर बनाकर देश सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर देवेंद्र सिंह तोमर प्रमुख रूप से उपस्थित थे। उन्होंने कक्षा ग्यारहवीं एवं बारहवीं के छात्र-छात्राओं को सैन्य सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि वायु सेना, थल सेना और जल सेना में देश सेवा के लिए शैक्षणिक योग्यता क्या होनी चाहिए तथा सैद्धांतिक एवं शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी किस प्रकार की जाए। उन्होंने ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को अपनी मेहनत और क्षमता का उपयोग करते हुए देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विंग कमांडर श्री देवेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि “जैसा तुम सोचते हो, वैसा बन जाते हो।” इसलिए हमेशा सकारात्मक सोच रखनी चाहिए और अपने अंदर छिपी प्रतिभा को बाहर निकालना चाहिए। सफलता प्राप्त करने के लिए अच्छा व्यक्तित्व होना आवश्यक है। अच्छा सीखने के लिए अच्छा सुनने वाला बनना भी बहुत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अभी से अपना लक्ष्य तय करें कि उन्हें क्या बनना है और उस दिशा में पूरे मन से प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि यह नहीं सोचना चाहिए कि हमारे पास क्या है, बल्कि हमारे पास जो है, वह पर्याप्त है। आवश्यकता केवल अपनी क्षमताओं को पहचानने की है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश प्रेम और देश सेवा की राह में कदम बढ़ाएं तथा सैन्य सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाएं। कार्यक्रम में संस्था की प्राचार्य श्रीमती वाय.एन. खान ने आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री धीरेंद्र दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन करियर गाइडेंस प्रकोष्ठ की नोडल शिक्षक डॉ. शिल्पी शर्मा ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती रुक्मणी परते, श्रीमती सीमा सनोड़िया, श्रीमती अनीता धुर्वे एवं समस्त शाला परिवार ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। विद्यार्थियों ने व्याख्यान माला को पूरे मनोयोग से सुना तथा अपनी क्षमताओं और जिज्ञासाओं से जुड़े प्रश्न विषय विशेषज्ञ के समक्ष रखकर उनका समाधान प्राप्त किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh