पीएम श्री शासकीय कन्या शाला कैलाशनगर में बैगलेस डे पर सर्वांगीण विकास की गतिविधियां आयोजित
स्वास्थ्य जागरूकता, स्वरोजगार प्रशिक्षण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीवंत हुआ बैगलेस डे, छात्राओं ने हुनर से दिखाई प्रतिभा
===========================
शासकीय विद्यालयों में बैगलेस डे अब किसी बड़े पर्व से कम नहीं रह गया है। रुचिकर खेलों, ज्ञानवर्धक गतिविधियों तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में गत दिवस शहर के पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलाशनगर में प्राचार्य श्रीमती मनीषा मिश्रा की अध्यक्षता में बैगलेस डे के अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, शाला-अभिभावक-शिक्षक बैठक तथा विभिन्न शैक्षिक, रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय का स्टाफ, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, छिंदवाड़ा के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्पना शुक्ला ने छात्राओं को संतुलित आहार तथा गुड टच एवं बैड टच के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देकर व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रीना पाटनी ने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक परिवर्तनों, व्यक्तिगत स्वच्छता, मासिक धर्म एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
बैगलेस डे के अंतर्गत छात्राओं को नियमित शैक्षिक गतिविधियों के अतिरिक्त रोजगारोन्मुखी छोटी-छोटी गतिविधियां भी सिखाई गईं, ताकि वे पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक कौशल विकसित कर भविष्य में स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कागज पर मेहंदी से सुंदर ड्राइंग बनाई, वहीं कपड़े पर आकर्षक डिजाइन तैयार कर मातारानी के चरणों में पैजनी पहनाई। छात्राओं की इन कलात्मक प्रस्तुतियों की सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर आयोजित शाला-अभिभावक-शिक्षक बैठक में अभिभावकों एवं शिक्षकों ने छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति तथा सर्वांगीण विकास पर चर्चा की। अभिभावकों ने जस गायन सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी के लिए अभिभावकों एवं छात्राओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अशरफ अली ने विद्यालय में संचालित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा उनका अवलोकन किया। दिनभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों के समापन समारोह में गरबा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में रोटरी क्लब ऑफ छिंदवाड़ा के असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन श्री विनोद तिवारी तथा विशेष अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद की परामर्शदाता डॉ. लता नागले उपस्थित थी।
असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन श्री तिवारी ने छात्राओं को विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि साबुन से अच्छी तरह हाथ धोकर उन्हें साफ रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं नैतिक शिक्षा के साथ इस तरह की रुचिकर गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व एवं बौद्धिक विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी हैं। उन्होंने विद्यालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
विशेष अतिथि डॉ. लता नागले ने कहा कि बैगलेस डे पर छात्राओं ने दिनभर रचनात्मक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली मुस्कान बताती है कि पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह की गतिविधियां भी आवश्यक हैं। विद्यालय प्रशासन ने बैगलेस डे के आयोजन के माध्यम से छात्राओं को जो खुशी दी है, वह अनमोल है। उन्होंने आयोजन के लिए विद्यालय परिवार को बधाई दी।
इस अवसर पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक गरबा खेलकर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। प्राचार्य श्रीमती मनीषा मिश्रा ने चिकित्सकों, अतिथियों, अभिभावकों, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राओं की सहभागिता की सराहना की।
इस प्रकार विद्यालय में आयोजित बैगलेस डे स्वास्थ्य जागरूकता, कौशल विकास, स्वरोजगार की प्रेरणा, अभिभावकों की सहभागिता तथा सांस्कृतिक गतिविधियों का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने और व्यावहारिक कौशल विकसित करने का अवसर मिला।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh