सेवा संकल्प अभियान 2026 : इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में युवा संवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
युवाओं से सांसद श्री साहू का संवाद, तनाव छोड़ लक्ष्य पर ध्यान देने का दिया संदेश
============================
“सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर प्रयास सफलता की मजबूत नींव हैं।” इसी संदेश के साथ सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत आज इंदिरा गांधी शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय छिंदवाड़ा में युवा संवाद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, तनाव और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने की। संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने अतिथियों का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
तनाव से नहीं, सकारात्मक सोच से मिलेगी सफलता - सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने विद्यार्थियों के बीच समय बिताकर उनसे सहज संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हें सबसे अधिक तनाव किस बात का रहता है। संवाद को रोचक और सहज बनाते हुए उन्होंने समझाया कि चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका सामना सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता पहचानकर भविष्य की योजना बनाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
नौकरी पाने के साथ रोजगार देने का भी रखें लक्ष्य - सांसद श्री साहू ने स्टार्टअप और स्वरोजगार की संभावनाओं पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी तकनीकी शिक्षा और कौशल का उपयोग नए विचारों को साकार करने में करें। तकनीकी शिक्षा को व्यावहारिक कौशल और नवाचार से जोड़ना युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने यूपीआई एप की सफलता और डिजिटल इंडिया कार्यक्रम से आम जनता को होने वाले लाभों की जानकारी दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का वर्णन कर युवाओं को अपने भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
ईमानदारी से किया गया काम भी राष्ट्रसेवा - कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और निरंतर प्रयास का महत्व बताया। उन्होंने बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा केवल किसी एक गतिविधि तक सीमित नहीं है। अपने कार्य को ईमानदारी से करना, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना और समाज के लिए उपयोगी योगदान देना भी राष्ट्रसेवा के महत्वपूर्ण रूप हैं। संस्था के प्राचार्य डॉ. आलोक यादव ने महाविद्यालय में नई ब्रांच खोलने, पदों की स्वीकृति और सांसद मद से संस्था में ओपन जिम स्थापित करने की मांग रखी।
लोकनृत्यों में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता - युवा संवाद के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्राओं ने देश के विभिन्न प्रांतों के लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोकपरंपराओं और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और समृद्धि को मंच पर जीवंत कर दिया। इन प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिली ट्रॉफी - सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक माह तक आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता में प्राची बंदेवार ने प्रथम, वैदेही भारती ने द्वितीय और हर्षी गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में ग्लोरी पवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मनीषा उइके एवं प्रीतिका मंडल संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि महक कुरैशी एवं ख्वाहिश खान ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उद्यमशीलता विकसित करना उद्देश्य - कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच, अनुशासन, उद्यमशीलता और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करना रहा। इस अवसर पर शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय खिरसाडोह के प्राचार्य श्री एच.डी. पाटिल भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीलम खासकलम एवं श्रीमती स्वाति चौरसिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन श्री राकेश कुमार कावरे ने किया। कार्यक्रम में श्री ओम कटकवार, श्रीमती शाइस्ता अंसारी, श्रीमती ममता बघेल, श्रीमती शैली कराड़े, कुमारी ज्योति कामडे सहित महाविद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh