सांदीपनि विद्यालय में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी पर्व
-----
लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशानुसार विद्यालयों में 1 से 3 सितंबर तक भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व केे उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये गये है। इसी क्रम में आज सांदीपनि विद्यालय श्योपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षाेल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य श्री अशोक खंडेलवाल ने की तथा सफल एवं प्रभावी संचालन श्री सोनू जैन द्वारा किया गया।
संगीत शिक्षक श्री कुलदीप पवार एवं नृत्य शिक्षिका श्रीमती दीक्षा साहू के निर्देशन में विद्यार्थियों ने भजन, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं। कालिया मर्दन, कृष्ण-सुदामा मिलन एवं माखन चोरी के अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं कथक शैली में कृष्ण-राधा का रास विशेष आकर्षण रहा। नन्हे-मुन्ने बच्चें बालकृष्ण एवं राधा पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर पहुंचे, जिससे पूरा विद्यालय कृष्णमय हो उठा।
प्राचार्य श्री अशोक खंडेलवाल ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, मित्रता, कर्म एवं धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रस्तुतियों की सराहना की। समापन पर बालकृष्ण ने माखन से भरी मटकी फोड़कर कृष्ण की बाल लीला को साकार किया। मटकी फूटते ही “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP.
#sheopur
9 views | Sheopur, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026