#बालाघाट
कटंगी-लालबर्रा के बीच 138.68 करोड़ से बनेगी 40 किमी लंबी डबल लेन सड़क
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया भूमिपूजन, 24 माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
तीन विधानसभा क्षेत्रों के 30 से 40 गांवों को मिलेगा लाभ, हर पांच किलोमीटर पर बनेगा लोक कल्याण सरोवर
जिले के सड़क अधोसंरचना विकास को नई गति मिलने जा रही है। कटंगी से लालबर्रा तक 138 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से 40 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने 29 नवंबर को कटंगी में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क के बनने से कटंगी, वारासिवनी और बालाघाट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालाघाट जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों में जिले को लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की लागत के सड़क निर्माण कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा शुरू किए गए लोकपथ एप के माध्यम से आम नागरिक भी सड़क के गड्ढों की फोटो अपलोड कर सकते हैं। शिकायत संबंधित जिले के कार्यपालन यंत्री तक पहुंचती है और चार दिनों के भीतर गड्ढे का सुधार करना अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता प्रत्येक माह की 5 और 20 तारीख को सड़कों का औचक निरीक्षण करते हैं। निरीक्षण के लिए सड़कों का चयन सॉफ्टवेयर के माध्यम से किया जाता है। निर्माण में उपयोग की गई सामग्री के नमूने लेकर क्यूआर कोड के साथ प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाते हैं। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर इंजीनियर और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है, वहीं बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया जाता है।
सड़क निर्माण के साथ होगा जल संरक्षण
लोक निर्माण मंत्री ने विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़कों के निर्माण के साथ लोक कल्याण सरोवर भी बनाए जा रहे हैं। सड़क निर्माण के लिए मिट्टी निकालने से बने स्थानों को जल संरक्षण के लिए सरोवर के रूप में विकसित किया जाता है। प्रदेश में पिछले एक वर्ष में 700 से अधिक लोक कल्याण सरोवर बनाए जा चुके हैं। कटंगी-लालबर्रा मार्ग पर भी प्रत्येक पांच किलोमीटर की दूरी पर एक लोक कल्याण सरोवर बनाया जाएगा। इसके अलावा सड़कों के किनारे रिचार्ज बोर और पुलों के निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में आगामी दो वर्षों में दो लाख करोड़ रुपये की लागत से एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रस्तावित है। इनसे प्रदेश में निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
मैंगनीज आधारित उद्योगों को मिलेगा प्रोत्साहन
विधायक गौरव सिंह पारधी ने कहा कि कटंगी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र में 462 करोड़ रुपये की लागत से 56 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। कटंगी-लालबर्रा सड़क बनने से क्षेत्र में मैंगनीज आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह सड़क राज्य मार्ग क्रमांक 42 और 72 को जोड़ेगी, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम को पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे एवं विधायक विवेक विक्की पटेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने इस सड़क को क्षेत्र के विकास और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।
24 माह में पूरा होगा निर्माण, बनेंगे 117 पुल-पुलिया
लोक निर्माण विभाग के अनुसार 40 किलोमीटर लंबी इस डबल लेन सड़क का निर्माण 24 माह में पूरा किया जाएगा। सड़क पर तीन बड़े पुलों के साथ 114 छोटे पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जाएगा। इसके बनने से बालाघाट शहर सहित आसपास के 30 से 40 गांवों की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन, कृषि उपज के परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों में सुविधा होगी।
`भूमिपूजन कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, विधायक गौरव सिंह पारधी, विधायक विवेक विक्की पटेल, पूर्व मंत्री रामकिशोर कांवरे सहित जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता आनंद प्रकाश राणे, अधीक्षण यंत्री बी.एल. भलावी, डी.के. कौरव, कार्यपालन यंत्री बी.एस. अड़मे सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #pwdminmp #MPRakeshSingh