#बालाघाट
कटंगी-लालबर्रा के बीच 138.68 करोड़ से बनेगी 40 किमी लंबी डबल लेन सड़क
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया भूमिपूजन, 24 माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
तीन विधानसभा क्षेत्रों के 30 से 40 गांवों को मिलेगा लाभ, हर पांच किलोमीटर पर बनेगा लोक कल्याण सरोवर
जिले के सड़क अधोसंरचना विकास को नई गति मिलने जा रही है। कटंगी से लालबर्रा तक 138 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से 40 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने 29 नवंबर को कटंगी में आयोजित कार्यक्रम में इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस सड़क के बनने से कटंगी, वारासिवनी और बालाघाट विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के औद्योगिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बालाघाट जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों में जिले को लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की लागत के सड़क निर्माण कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग द्वारा शुरू किए गए लोकपथ एप के माध्यम से आम नागरिक भी सड़क के गड्ढों की फोटो अपलोड कर सकते हैं। शिकायत संबंधित जिले के कार्यपालन यंत्री तक पहुंचती है और चार दिनों के भीतर गड्ढे का सुधार करना अनिवार्य है। ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सड़क निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता प्रत्येक माह की 5 और 20 तारीख को सड़कों का औचक निरीक्षण करते हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #pwdminmp #MPRakeshSingh
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 29, 2026