#बालाघाट
अब डेंजर रोड नहीं, ‘अटल वनस्पति मार्ग’ के नाम से पहचानी जाएगी सड़क
12.24 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी 7.48 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने किया भूमिपूजन
बालाघाट को तीन साल में 4 हजार करोड़ रुपये की सड़कों की सौगात, अगले दो साल में प्रदेश में बनेंगे 2 लाख करोड़ के एक्सप्रेस-वे
बालाघाट की बहुप्रतीक्षित गर्रा-गायखुरी-गोंगलई-नवेगांव सड़क अब अपनी नई पहचान के साथ विकास की नई राह खोलेगी। अब तक डेंजर रोड के नाम से पहचानी जाने वाली यह सड़क भविष्य में ‘अटल वनस्पति मार्ग’ के नाम से जानी जाएगी। मध्यप्रदेश शासन के लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने 29 नवंबर को 12 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 7.48 किलोमीटर लंबी सीमेंट कांक्रीट सड़क का भूमिपूजन किया। वैनगंगा नदी के किनारे घने जंगल और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच से गुजरने वाला यह मार्ग न केवल आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा देगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, श्रीमती अनुभा मुंजारे, पूर्व मंत्री श्री रामकिशोर कांवरे, पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, पूर्व मंत्री श्री प्रदीप जायसवाल, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष श्री योगेश बिसेन सहित जनप्रतिनिधि एवं लोक निर्माण विभाग जबलपुर के मुख्यं अभियंता श्री आनंद प्रकाश राणे, अधीक्षण यंत्री श्री बी एल भलावी, पीआईयू भवन के अधीक्षण यंत्री श्री डी के कौरव, कार्यपालन यंत्री श्री बी एस अड़में, विद्युत यांत्रिकी के कार्यपालन यंत्री श्री प्रदीप पड़वार, सेतु संभाग के एसडीओ श्री अर्जुन सिंह सनोडिया, सड़क विकास प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक श्री बेले, एवं अन्यब अधिकारी उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #pwdminmp #MPRakeshSingh