#बालाघाट
कोचेवाही में सामूहिक श्रमदान से किया गया बोरी बंधान
जल संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रस्फुटन समिति की पहल, ग्रामीणों ने 75 बोरियों से बनाया जल अवरोध
जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड वारासिवनी द्वारा गठित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कोचेवाही के तत्वावधान में जल संचय अभियान के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान से बोरी बंधान किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, समिति के पदाधिकारियों एवं युवाओं ने स्वैच्छिक सहभागिता निभाते हुए लगभग 75 बोरियों का बोरी बंधान किया।
कार्यक्रम के पश्चात जल संरक्षण विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने कहा कि वर्तमान समय में जल संरक्षण एवं संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए स्वैच्छिकता और जनभागीदारी के माध्यम से छोटी-छोटी जल संरचनाओं का निर्माण एवं संरक्षण जरूरी है। नालों और जलस्रोतों पर बोरी बंधान जैसे प्रयासों से वर्षा जल को रोकने में मदद मिलती है, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि होने के साथ आसपास के क्षेत्रों में जल उपलब्धता भी बढ़ती है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक लोगों को जल संरक्षण के कार्यों से जोड़ने का आह्वान किया।
प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष खिलेन्द्र नागेश्वर ने कहा कि समिति के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए। सामूहिक श्रमदान से किए जाने वाले बोरी बंधान से व्यर्थ बहने वाले पानी को रोकने में मदद मिलेगी। इससे भूजल स्तर बढ़ने के साथ पशु-पक्षियों एवं मवेशियों को भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से जल संरक्षण के इस पुनीत कार्य में अपनी जिम्मेदारी निभाने और सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने उपस्थित सभी लोगों को जल संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य शंकरलाल इनवाती, उपसरपंच गौरीशंकर ठाकरे, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष खिलेन्द्र नागेश्वर, सचिव हेमंत ठाकरे, सुशांत मर्सकोले, गिरधारी कावरे, मोनू चौधरी सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि, सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#cmmadhyprdesh #JansamparkMP #minphemp