सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर साढौरा में आयोजित हुई रन फॉर यूनिटी, विधायक रेणु बाला ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना
देश की एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश लेकर दौड़े स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग
साढौरा /यमुनानगर, 31 अक्तूबर- देश की एकता और अखंडता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को सढ़ौरा स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक रेणु बाला ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने विधायक रेणु बाला का बुके भेंट कर स्वागत किया।
रन फॉर यूनिटी दौड़ पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से शुरू होकर मुख्य मार्ग से होते हुए दोसडक़ा चौक तक पहुंची और वहां से वापस रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इस दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाये।
इस अवसर पर विधायक रेणु बाला ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की आजादी के बाद विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रन फॉर यूनिटी जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आने वाली पीढिय़ों को सरदार पटेल के विचारों एवं आदर्शों से प्रेरणा मिलती है। सभी नागरिकों को देश की एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।
जिला परिषद चेयरमैन रमेश चंद ठसका ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना चाहिए।
एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने कहा कि रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव की भावना को प्रबल करना है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका साढौरा की चेयरपर्सन शालिनी शर्मा ने कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सरदार पटेल के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही हम एक मजबूत और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी साढौरा के चेयरमैन नवीन भसीन, मार्केट कमेटी व्यासपुर के चेयरमैन विपिन सिंगला, व्यासपुर सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना, नेता ऋषिपाल इंजीनियर, बीडीपीओ व्यासपुर शबनम रेहलान, नायब तहसीलदार साढौरा कुलदीप सिंह, नायब तहसीलदार रविन्द्र कुमार, एसएचओ लखमिंद्र सिंह, जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीई जफर इकबाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष गुरविंद्र चौधरी, नायब सैनी, अंकित कुमार, निर्मल, नरेश बक्शी, अनिल ग्रेवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।