पटरानी साड़ी शोरूम की सेवा में कमी, ग्राहक को देने पड़ेंगे दस हजार रूपए
उपभोक्ता फोरम ने सुनाया ग्राहक के पक्ष में फैसला, वाद व्यय भी भुगतना पड़ेगा
छतरपुर। शहर के पन्ना नाका क्षेत्र में साड़ी शोरूम संचालित करने वाले पटरानी के संचालक के खिलाफ उपभोक्ता फोरम ने फैसला सुनाया है। फोरम ने माना है कि शोरूम संचालक ने ग्राहक के प्रति सेवा में कमी की है लिहाजा उसे ग्राहक को न सिर्फ साडिय़ों की कीमत 4700 रूपए वापस करने पड़ेंगे बल्कि सेवा में कमी के लिए 10 हजार रूपए और वाद व्यय पृथक से पांच हजार रूपए भुगतान करना पड़ेंगे।
नगर गढ़ीमलहरा में रहने वाले राहुल पुत्र अरविंद चौरसिया ने पन्ना नाका क्षेत्र की रेडियो कॉलोनी के सामने संचालित पटरानी शोरूम से विगत 12 फरवरी 2026 को दो साडिय़ां क्रमश: 4700 रूपए और 750 रूपए कीमत में खरीदी थीं। साडिय़ां क्रय करते समय शोरूम के अनावेदक ने यह बताया था कि साडिय़ों में कोई समस्या आती या साड़ी के कपड़े एवं कलर में किसी भी प्रकार का कोई परिवर्तन आता है तो वह उस साड़ी को वापस कर ग्राहक को रूपए लौटाएंगे। जब राहुल साड़ी लेकर घर पहुंचे तो 4700 रूपए की साड़ी में डिफेक्ट था जिसे वापस करने राहुल 16 फरवरी को पुन: शोरूम में गए तब अनावेदक ने डिफेक्टिव साड़ी रखकर दूसरी साड़ी लेने को कहा लेकिन राहुल को अन्य कोई साड़ी पसंद नहीं आई तो उन्होंने शोरूम संचालक से रूपए वापस करने को कहा। दुकान संचालक ने राहुल को पहले तो आश्वस्त किया कि 16 फरवरी की शाम को पुन: दुकान आए तो रूपए लौटा दिए जाएंगे लेकिन जब राहुल शाम को शोरूम पहुंचे तो रूपए वापस न कर अभद्र व्यवहार किया गया। ग्राहक राहुल चौरसिया ने शोरूम संचालक के इस रवैए को अनुचित व्यापार की श्रेणी में माना और उपभोक्ता फोरम की शरण ली। ग्राहक राहुल चौरसिया ने उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष श्यामाचरण उपाध्याय, सदस्य श्रीमती निशा गुप्ता एवं धीरज कुमार गर्ग के समक्ष खरीदी के बिल आदि प्रस्तुत किए तो न्यायालय ने शोरूम संचालक को 17 फरवरी को विधिक नोटिस प्रेषित किया किंतु नोटिस प्राप्ति के बाद भी ग्राहक की समस्या का निराकरण नहीं किया गया। तत्पश्चात उपभोक्ता फोरम ने माना कि शोरूम संचालक उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन कर रहा है और ऐसी स्थिति में ग्राहक के पक्ष में फैसला सुनाते हुए फोरम ने आदेश पारित किया कि शोरूम संचालक 45 दिवस के अंदर ग्राहक को साड़ी की कीमत 4700 वापस करने के साथ ही ग्राहक के साथ अनुचित व्यवहार करने एवं सेवा में कमी के लिए 10 हजार रूपए और वाद व्यय 5000 हजार रूपए अदा करे।