छतरपुर में मेला जलविहार से लौटते समय मारपीट और कथित अमानवीय व्यवहार से आहत युवक ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने जीजा और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, तो वहीं पुलिस ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि PM रिपोर्ट, बयान और CDR के आधार पर कार्रवाई होगी।,मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मौराहा निवासी 24 वर्षीय सुनील अहिरवार का है,परिजनों का आरोप है कि 6 नवंबर को सुनील अपने जीजा अखिलेश अहिरवार और उनके साथियों के साथ मेला जलविहार देखने गया था। मेला देखने के बाद जीजा उसे अपने घर ले गए। परिजनों का आरोप है कि रास्ते में शराब पार्टी हुई, जहां कथित तौर पर शराब के नशे में सुनील के साथ मारपीट की गई और उसके साथ मुंह में पेशाब पिलाने जैसा अमानवीय कृत्य किया गया। घटना के तत्काल बाद सुनील ने अपने पिता को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया गया।,परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस सुनील को थाने ले गई, लेकिन वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र का निवासी था और घटना ओरछा रोड थाना क्षेत्र में हुई थी। इसी क्षेत्राधिकार को लेकर शिकायत दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। पिता राजेश का यह भी कहना है कि सुनील की बहन चंदा ने अखिलेश अहिरवार से प्रेम विवाह किया था। परिजनों के अनुसार, पुलिस ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई और रिपोर्ट दर्ज करने का आश्वासन दिया था।,परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना और कथित मारपीट से मानसिक रूप से आहत सुनील ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मामले में अखिलेश अहिरवार, सुरेन्द्र अहिरवार, शिवम अहिरवार, राहुल अहिरवार सहित दो अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। सभी ढिलापुर निवासी बताए गए हैं। वहीं घटना स्थल ओरछा रोड थाना क्षेत्र के रामपुर ढीलापुर के समीप की बताई जा रही है।,वहीं इस पूरे मामले में अब सिविल लाइन पुलिस का पक्ष भी सामने आ गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया जानकारी मिली है कि मृतक सुनील अहिरवार, उम्र लगभग 22 वर्ष, ने रात्रि में कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई,सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि PM रिपोर्ट, परिजनों के बयान और मृतक के मोबाइल के CDR एवं अन्य तकनीकी बिंदुओं के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिमांशु अग्रवाल
छतरपुर