“जिनके घर खुद कांच के होते हैं, वे दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं मारते!
अंकिता भंडारी मामले पर हरक सिंह रावत का भाजपा पर तीखा हमला, विधायक दिलीप रावत को भी दिया करारा जवाब!
अंकिता भंडारी हत्याकांड और भाजपा विधायक दिलीप रावत के बयान पर कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने एक साथ भाजपा पर तीखा पलटवार किया।
हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा के लोग इतने नीचे गिर जाएंगे, उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। किसी की जिंदगी को पैसों से नहीं तौला जा सकता। अंकिता के परिवार की मदद करना अच्छी बात है, लेकिन आर्थिक सहायता का मतलब यह नहीं कि न्याय की लड़ाई खत्म हो गई।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उस कथित वीआईपी को अब तक क्यों नहीं पकड़ा गया, जिसका नाम इस मामले में सामने आया है? जनता के दबाव के बाद ही सीबीआई जांच की मांग आगे बढ़ी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अंकिता के माता-पिता का मुंह पैसों से बंद कराना चाहती थी। साथ ही कहा कि यह सहायता सरकार ने अपनी जेब से नहीं, बल्कि उत्तराखंड की जनता के पैसे से दी है।
विधायक दिलीप रावत पर भी साधा निशाना!
दिलीप रावत के बयान पर सीधे जवाब देने से बचते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों का जवाब इसलिए देते हैं, क्योंकि वे जिम्मेदार पदों पर हैं। भाजपा के छोटे नेताओं को जवाब देना वह जरूरी नहीं समझते।
इसके बाद उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा—
“जिनके घर खुद कांच के होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर मारने में बड़ा मजा आता है। पहले उन्हें अपना घर देखना चाहिए!
अब हरक सिंह रावत के इस बयान ने उत्तराखंड की सियासत में एक बार फिर अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज कर दी है।
सवाल आज भी वही है—अंकिता को न्याय कब मिलेगा और कथित वीआईपी का सच कब सामने आएगा?
#AnkitaBhandari #HarakSinghRawat #UttarakhandPolitics #JusticeForAnkita #BJP #Congress #UttarakhandNews