डीएम रोहतास ने भलुनी भवानी धाम का किया निरीक्षण, नवरात्रि-छठ मेले की तैयारियों का लिया जायजा,विधायक आलोक सिंह सिंह रहे मौजूद।
आगामी नवरात्रि एवं छठ महापर्व को लेकर भलुनी भवानी धाम में मेले की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को डीएम रोहतास दीपक कुमार मिश्रा ने दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह के साथ धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान धाम परिसर के साथ यहां बन रहे इको पार्क का भी निरीक्षण किया गया।
डीएम ने धाम परिसर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। नवरात्रि एवं छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए शौचालय, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। मेले के दौरान दुकानों को व्यवस्थित एवं निर्धारित स्थल पर लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही धाम परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए सटीक एवं व्यवहारिक प्राक्कलन तैयार करने को कहा गया। इको पार्क के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली गई और कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया गया। डीएम ने नवरात्रि एवं छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज को समुचित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने को कहा।बता दें कि भलुनी भवानी धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह का प्रयास लगातार जारी है। इसी कड़ी में धाम परिसर में विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों के साथ इको पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद रहे। इसी मौके पर मुखिया प्रतिनिधि अमित राय ने डीएम और विधायक को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।