दिनारा टूल एंड ट्रेनिंग सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण, बिजली कनेक्शन की समस्या दूर करने का निर्देश
दिनारा में डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने शनिवार को दिनारा प्रखंड स्थित टूल एंड ट्रेनिंग सेंटर का भ्रमण कर केंद्र की व्यवस्थाओं और संचालन की जानकारी ली। इस दौरान उद्योग विभाग के महाप्रबंधक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एमएसएमई टूल सेंटर के अधिकारी ने प्रशिक्षण केंद्र में विद्युत कनेक्शन से जुड़ी समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। बताया गया कि बिजली से संबंधित समस्या के कारण प्रशिक्षण केंद्र के संचालन में कठिनाई हो रही है। इस पर डीएम ने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को विद्युत विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए विद्युत विभाग को पत्र लिखने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यक कार्रवाई कर केंद्र के संचालन में आ रही बाधाओं को दूर किया जाए। टूल एंड ट्रेनिंग सेंटर के माध्यम से स्थानीय युवाओं को तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्र में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। आवासीय सुविधा होने से दूर-दराज के युवाओं को भी प्रशिक्षण प्राप्त करने में सहूलियत होगी। इससे युवाओं में तकनीकी कौशल विकसित करने और रोजगार के अवसरों से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।