किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से मिले दिनारा विधायक आलोक सिंह
दिनारा विधानसभा क्षेत्र और रोहतास जिले से जुड़े किसानों एवं युवाओं के महत्वपूर्ण विषयों को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह दिनारा विधायक आलोक सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। विधायक ने किसानों की समस्याओं सहित रोजगार से जुड़े मुद्दों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
विधायक ने कहा कि रोहतास जिले में वास्तविक धान उत्पादन की तुलना में सरकारी अधिप्राप्ति का लक्ष्य कम रहने के कारण बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पाते हैं। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर धान अधिप्राप्ति के लक्ष्य में पर्याप्त वृद्धि करने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके। इसके अलावा करवंदिया, सासाराम पहाड़ क्षेत्र में क्रेशर मशीन संचालन के लिए प्रकाशित निविदा की प्रक्रिया नियमानुसार पूरा कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। साथ ही खनन कार्य में निर्धारित सीमा, पर्यावरणीय मानकों और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन सुनिश्चित कराने का भी आग्रह किया।