*अंतिम सोमवारी एवं श्रावणी मेला के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को लेकर जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने पहलेजा घाट एवं बाबा हरिहरनाथ मंदिर का किया संयुक्त निरीक्षण*
*कटाव प्रभावित सबलपुर दियारा क्षेत्र एवं सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय का भी किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं पारदर्शी निबंधन व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
================
सारण, 22 अगस्त 2026
================
श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी 24 अगस्त 2026 एवं मेला के अंतिम दिन 28 अगस्त 2026 को श्रद्धालुओं की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण ने संयुक्त रूप से पहलेजा घाट तथा बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी तैयारियों का व्यापक जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पहलेजा घाट पर श्रद्धालुओं के आने-जाने के मार्ग, जल भरने के निर्धारित स्थल, स्नान घाट, ड्रेस चेंजिंग स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवारी एवं श्रावणी मेला के अंतिम दिन संभावित भीड़ को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं एवं सुरक्षा व्यवस्था पूर्व से ही सुदृढ़ रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने घाट क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण एवं सुचारू आवागमन के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हेल्थ कैंप, चिकित्सा दल, एंबुलेंस एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई एवं कचरा उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत दोनों अधिकारियों ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, कतारबद्ध दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तंत्र तथा सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अंतिम सोमवारी एवं श्रावणी मेला के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अगले दो दिनों तक विशेष सतर्कता बरतते हुए लगातार विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कटाव प्रभावित सबलपुर दियारा क्षेत्र का भी भ्रमण कर स्थलीय स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कटाव प्रभावित स्थलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जहां कटाव की स्थिति है, वहां तत्काल बोरा एवं सैंडबैग उपलब्ध कराकर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राहत एवं बचाव से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन एवं मानव बल उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। सोनपुर के संबंधित पदाधिकारियों को क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव ने सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में निबंधन एवं रजिस्ट्री से संबंधित कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा संचिकाओं एवं अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निबंधन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निबंधन एवं रजिस्ट्री से संबंधित प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी, सरल, सहज एवं नागरिक हितैषी बनाया जाए, ताकि आमजन को बेहतर एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला पदाधिकारी ने सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय में पेपरलेस व्यवस्था की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने पेपरलेस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि डिजिटल एवं पेपरलेस प्रणाली से निबंधन कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं त्वरित निष्पादन को बढ़ावा मिलेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने अवर निबंधन कार्यालय में संचिकाओं एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्यों के समयबद्ध निष्पादन तथा कार्यालय में आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी एवं सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी समस्या की स्थिति में उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि अंतिम सोमवारी एवं श्रावणी मेला के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अलर्ट मोड में रहते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही कटाव प्रभावित क्षेत्रों में भी पूर्ण सतर्कता बरतते हुए आवश्यक राहत एवं बचाव कार्य तत्परता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर, भूमि सुधार उपसमाहर्ता सोनपुर, अंचलाधिकारी सोनपुर, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत सोनपुर, सोनपुर अवर निबंधन कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
Saharsa, Bihar | Aug 22, 2026