पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए गए शिविरों से आमजन को मिला व्यापक लाभ,
एक ही स्थान पर आवेदन, काउंसलिंग, आवेदन सुधार एवं ऋण प्रक्रिया का समाधान
सारण, 22 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को योजना का लाभ सहजता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सारण जिले के सभी प्रखंडों में लगाए गए शिविरों से लोगों को व्यापक लाभ मिला। इन शिविरों में योजना से संबंधित विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने के कारण आमजन को काफी सुविधा हुई और उन्हें अलग-अलग कार्यालयों एवं संस्थानों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शिविरों में आवेदक, अधिकृत वेंडर, संबंधित विभाग के कर्मी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि एक ही स्थान पर उपस्थित रहे। सभी ने आपसी समन्वय के साथ इच्छुक लोगों की काउंसलिंग की तथा उन्हें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाले लाभ, सोलर प्लांट लगाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज एवं ऋण सुविधा के संबंध में जानकारी एवं सुझाव दिए।
शिविर में आने वाले इच्छुक लाभुकों के आवेदन जनरेट कराने में भी सहायता की गई। जिन आवेदनों में किसी कारणवश रिजेक्शन हो गया था, उन्हें पुनः सही कर री-जेनरेट कराने में मदद की गई। वहीं लंबित आवेदनों से संबंधित समस्याओं की भी मौके पर जानकारी लेकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
शिविरों में बैंकों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से लाभुकों के लिए ऋण प्रक्रिया भी काफी सुगम हुई। इच्छुक आवेदकों को लोन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ आवेदन की प्रक्रिया में सहायता दी गई तथा पात्र लाभुकों के ऋण को स्वीकृत कराने की दिशा में भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
इस प्रकार शिविरों में आवेदन से लेकर वेंडर चयन, आवेदन में सुधार, लंबित एवं रिजेक्ट आवेदन के समाधान तथा ऋण प्रक्रिया तक की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आमजन को काफी सहूलियत मिली। इससे लोगों का समय बचा और योजना से जुड़ी उनकी विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव हुआ।
इन शिविरों के माध्यम से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार भी हुआ। शिविरों में प्राप्त सुविधाओं एवं मौके पर मिल रहे समाधान से आमजन में योजना के प्रति विश्वास और रुचि बढ़ी है। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों पर सोलर प्लांट स्थापित कराने तथा योजना से जुड़ने के लिए उत्साहित नजर आए।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ योजना का लाभ लेने की पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम एवं एकीकृत रूप से उपलब्ध कराना था, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवार पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से लाभान्वित हो सकें।
Saharsa, Bihar | Aug 22, 2026