#भरतपुर। जिले की नवगठित उच्चैन नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी का परचम फहराना तय हो गया है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर नामांकन के अंतिम दिन केवल एक ही आवेदन प्राप्त हुआ, जिससे चुनावी मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। भाजपा प्रत्याशी दलीप सिंह अंबेश ने स्थानीय रिटर्निंग अधिकारी सुरेश हरसोलिया के समक्ष अपने समर्थकों और प्रस्तावकों की मौजूदगी में आधिकारिक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने तक किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा दावेदारी पेश न किए जाने के कारण उनका निर्विरोध चेयरमैन बनना सुनिश्चित हो गया है। नवनिर्वाचित बीजेपी पार्षद दलीप सिंह अंबेश ने हाल ही में संपन्न हुए निकाय चुनावों में वार्ड संख्या 6 से कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश को 357 मतों के अंतर से हराया था। ओमप्रकाश को सिर्फ 10 वोट हासिल हुए थे। 25 वार्डों वाली इस नई नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी ने 11 सीटों पर कब्जा जमाया था। वहीं कांग्रेस मात्र 1 सीट पर सिमट गई थी और 13 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी।