#निर्विरोध_अध्यक्ष_का_रास्ता_साफ..
भरतपुर। रूपवास नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन केवल एक नामांकन पत्र दाखिल होने से बीजेपी का निर्विरोध पालिका अध्यक्ष बनना तय हो गया है। रूपवास रिटर्निंग अधिकारी दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित समय सीमा तक अध्यक्ष पद के लिए केवल एक उम्मीदवार दिलीप सिंह अंधाना का नामांकन पत्र प्राप्त हुआ है। यह नामांकन उन्हें पार्टी सिंबल के आधार पर मिला है, जबकि इसके अलावा किसी अन्य उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल नहीं किया है। रिटर्निंग अधिकारी के अनुसार, प्राप्त हुए एकमात्र नामांकन पत्र की जांच और समीक्षा (स्क्रूटनी) की प्रक्रिया कल संपन्न की जाएगी। स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 18 सितंबर को सिंबल अलॉटमेंट और अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए नियम अनुसार फॉर्म 22A तैयार किया जाएगा। पालिका अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन आने से अब इस पद के लिए बीजेपी पालिकाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ नजर आ रहा है। गौरतलब है कि, नगर निकाय चुनाव में रूपवास के वार्ड संख्या 11 से निर्दलीय चुनाव लड़े दिलीप सिंह अंधाना ने निर्दलीय नवनीत डागुर को 101 वोटों से हराकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इस वार्ड से बीजेपी और कांग्रेस में से किसी ने भी अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था।