#रेखा_और_उषा_में_सीधा_मुकाबला..
भरतपुर। बयाना नगर पालिका में अध्यक्ष पद का ताज किसके सिर सजेगा, इसे लेकर सियासी हलचल चरम पर पहुंच गई है। चेयरमैन की कुर्सी को हासिल करने के लिए निर्दलीय रेखा अग्रवाल पत्नी रविकांत सुंदर सेठ और बीजेपी की उषा अग्रवाल पत्नी निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष विनोद अग्रवाल के बीच मुकाबला है। दोनों ही प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत को लेकर मजबूत दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा हो गया है। 35 सदस्यों वाली बयाना नगर पालिका में स्पष्ट बहुमत का आंकड़ा 18 है, जिसे पाना दोनों में से किसी भी खेमे के लिए आसान नहीं दिख रहा। हालिया चुनावी गणित पर नजर डालें तो भारतीय जनता पार्टी के पास 11 और कांग्रेस के पास केवल 2 पार्षद हैं। ऐसे में इस चुनाव का सबसे निर्णायक पहलू 22 निर्दलीय पार्षदों की भूमिका बन गई है, जो सीधे तौर पर हार-जीत का फैसला करेंगे। राजनीतिक रणनीतिकारों की नजरें अब इन्हीं निर्दलीय सदस्यों पर टिकी हुई हैं। दोनों ही प्रत्याशी अपने पक्ष में आंकड़े जुटाने और निर्दलीयों को साधने के लिए हर संभव प्रयास में जुट गए हैं। जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए गुप्त बैठकों और गोटियां बिछाने का दौर जारी है, जिसके बाद ही बयाना पालिका की इस हाई-प्रोफाइल कुर्सी का फैसला हो सकेगा।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 16, 2026