#भरतपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग के लिए जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि के फोटो और वीडियो निर्धारित पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड किए जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायतवार सभी विभागों की गतिविधियों के 10 उत्कृष्ट फोटो और लाभान्वित नागरिकों के टेस्टिमोनियल्स भी पोर्टल पर प्रदर्शित किए जाएंगे। अभियान के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक विद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर राष्ट्रीय प्रतीकों पर आधारित रंगोलियां बनाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त, सेवा सेतु कार्यक्रम के तहत शिविर लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। बैठक में शहरी क्षेत्रों में आचार संहिता का पालन करते हुए सभी 12 प्रमुख कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया, जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह, एडीएम शहर राहुल सैनी और नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई सहित विभिन्न विभागों के जिला व उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।