#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 22 में स्वास्थ्य शिविर आयोजित
सांसद भारती पारधी ने किया शिविर का अवलोकन, 105 नागरिकों की जांच, 15 गर्भवती महिलाओं और 22 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को बालाघाट नगर के वार्ड क्रमांक 22 स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के मार्गदर्शन एवं शहरी स्वास्थ्य नोडल अधिकारी डॉ. पंकज महाजन के निर्देशन में आयोजित शिविर में नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य परीक्षण कराने आए नागरिकों से चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
अपने संबोधन में सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाना आवश्यक है। सेवा संकल्प अभियान जैसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को उनके क्षेत्र में ही जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर निरंतर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी कर्मचारियों से इसी तरह आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुंदरियाल तथा बालाघाट ग्रामीण एवं शहरी परियोजना अधिकारी भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के बीच बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के संयुक्त प्रयासों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
शिविर में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच अभियान के अंतर्गत 105 नागरिकों के रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। जांच के उपरांत चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं।
मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 15 गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान महिलाओं का पोषण मूल्यांकन करने के साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान की गई, ताकि आवश्यकता के अनुसार समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिशु स्वास्थ्य के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 22 बच्चों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी वृद्धि एवं स्वास्थ्य की निगरानी की गई। अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं आवश्यक देखभाल के संबंध में भी जानकारी दी गई।
शिविर के सफल आयोजन में स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकीय दल, शहरी कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एएनएम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विभागीय अमले के समन्वित प्रयासों से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #Bhartipardhi