#बालाघाट
‘संकल्प से सेवा अभियान’ के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ
105 नागरिकों की जांच, 15 गर्भवती महिलाओं और 22 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण
सांसद भारती पारधी ने किया पौधारोपण, बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण और कार्यकर्ताओं का सम्मान
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुन्द्रियाल के मार्गदर्शन में जिले में संचालित ‘संकल्प से सेवा अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को महिला एवं बाल विकास परियोजना बालाघाट (नवीन) के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 47 में तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद श्रीमती भारती पारधी द्वारा आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पौधारोपण कर किया गया। उन्होंने पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल एवं अधिक से अधिक पौधारोपण करने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के विशेष संदेश का वाचन किया गया। इसके माध्यम से उपस्थित हितग्राहियों एवं नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बच्चों के स्वास्थ्य और विकास पर रहा विशेष जोर
आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए बाल स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। बच्चों के लिए विभिन्न आनंदमयी एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सीखने, सहभागिता एवं आत्मविश्वास की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
शिविर में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) जांच अभियान के अंतर्गत 105 नागरिकों के रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच की गई। जांच के उपरांत चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया तथा आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित की गईं। मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत 15 गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान महिलाओं का पोषण मूल्यांकन करने के साथ उच्च जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की पहचान की गई, ताकि आवश्यकता के अनुसार समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
शिशु स्वास्थ्य के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 22 बच्चों का संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उनकी वृद्धि एवं स्वास्थ्य की निगरानी की गई। अभिभावकों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं आवश्यक देखभाल के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाली आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। सांसद एवं अतिथियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों एवं हितग्राहियों को फल एवं मिठाई का वितरण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि सुश्री हेमा वाधवानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती मीना राहंगडाले, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेंद्र सुन्द्रियाल, परियोजना अधिकारी श्री शैलेन्द्र चौकसे एवं श्री आशुतोष दुबे, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती अंजना दुबे एवं श्रीमती सरला भोर सहित संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, स्थानीय नागरिक एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं से अधिक से अधिक हितग्राहियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र में सेवा, जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
#सेवा_संकल्प_अभियान #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #bhartipardhimp